return to news
  1. रिलायंस समेत 9 दिग्गज कंपनियों के डूबे 2.51 लाख करोड़ रुपये, निवेशकों की बढ़ी धड़कनें

मार्केट न्यूज़

रिलायंस समेत 9 दिग्गज कंपनियों के डूबे 2.51 लाख करोड़ रुपये, निवेशकों की बढ़ी धड़कनें

Upstox

3 min read | अपडेटेड January 25, 2026, 14:36 IST

Twitter Page
Linkedin Page
Whatsapp Page

सारांश

पिछले हफ्ते भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई। टॉप 10 में से 9 सबसे अधिक वैल्यू वाली कंपनियों का कुल मार्केट कैप 2.51 लाख करोड़ रुपये घट गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। विदेशी निवेशकों की बिकवाली और कमजोर वैश्विक संकेतों ने बाजार पर दबाव बनाए रखा।

share-market-top-10-companies-mcap-loss

शेयर बाजार में गिरावट के चलते दलाल स्ट्रीट पर निवेशकों की संपत्ति में बड़ी कमी आई है।

भारतीय शेयर बाजार के लिए पिछला सप्ताह बेहद निराशाजनक रहा। बाजार में मंदी का असर इस कदर हावी रहा कि देश की टॉप-10 सबसे वैल्यू कंपनियों में से 9 को भारी नुकसान झेलना पड़ा। इन दिग्गज कंपनियों के मार्केट कैप में सामूहिक रूप से 2,51,711.6 करोड़ रुपये की बड़ी गिरावट आई है। बीएसई का मानक सूचकांक सेंसेक्स पिछले सप्ताह 2,032.65 अंक यानी 2.43 प्रतिशत तक नीचे गिर गया। बाजार के जानकारों का मानना है कि विदेशी निवेशकों द्वारा लगातार की जा रही बिकवाली और वैश्विक बाजारों से मिल रहे कमजोर संकेतों ने घरेलू बाजार की कमर तोड़ दी है।

Open FREE Demat Account within minutes!
Join now

रिलायंस इंडस्ट्रीज को सबसे बड़ी चपत

इस गिरावट के दौर में सबसे ज्यादा मार रिलायंस इंडस्ट्रीज पर पड़ी है। मुकेश अंबानी की इस कंपनी की मार्केट वैल्यू में 96,960.17 करोड़ रुपये की कमी आई, जिससे इसका कुल मार्केट कैप घटकर 18,75,533.04 करोड़ रुपये रह गया है। रिलायंस के अलावा बैंकिंग क्षेत्र की दिग्गज कंपनियों को भी तगड़ा झटका लगा है। आईसीआईसीआई बैंक की मार्केट वैल्यू 48,644.99 करोड़ रुपये घट गई, वहीं एचडीएफसी बैंक को 22,923.02 करोड़ रुपये का घाटा उठाना पड़ा है। भारती एयरटेल की संपत्ति में भी 17,533.97 करोड़ रुपये की सेंध लगी है।

आईटी क्षेत्र की बड़ी कंपनियों पर भी बाजार की सुस्ती का गहरा असर दिखा। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) का मार्केट कैप 16,588.93 करोड़ रुपये कम होकर 11,43,623.19 करोड़ रुपये पर आ गया। वहीं इंफोसिस की वैल्यू में 7,810.77 करोड़ रुपये की गिरावट आई है। इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र की दिग्गज कंपनी लार्सन एंड टुब्रो को 15,248.32 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। इसके अलावा बजाज फाइनेंस और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की मार्केट वैल्यू में भी क्रमशः 14,093.93 करोड़ और 11,907.5 करोड़ रुपये की कमी दर्ज की गई है।

गिरावट के पीछे के कारण

एक्सपर्ट की मानें तो इस बिकवाली के पीछे कई बड़े कारण जिम्मेदार हैं। विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) का भारतीय बाजार से पैसा निकालना लगातार जारी है। इसके साथ ही भारतीय रुपये की घटती कीमत और कंपनियों के कमजोर तिमाही नतीजों ने निवेशकों के भरोसे को कम किया है। वैश्विक स्तर पर जारी अस्थिरता ने भी बाजार में डर का माहौल पैदा किया है, जिससे बिकवाल हावी रहे। हालांकि, इस पूरे नकारात्मक माहौल के बीच हिंदुस्तान यूनिलीवर इकलौती ऐसी कंपनी रही जिसकी मार्केट वैल्यू 12,311.86 करोड़ रुपये बढ़कर 5,66,733.16 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।

इतनी बड़ी गिरावट के बावजूद रिलायंस इंडस्ट्रीज अभी भी देश की सबसे मूल्यवान कंपनी के पायदान पर बरकरार है। इसके बाद क्रमश: एचडीएफसी बैंक, टीसीएस, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, इंफोसिस, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनुलीवर और लार्सन एंड टुब्रो का नंबर आता है। बाजार में चल रहे इस उतार-चढ़ाव ने आम निवेशकों को सतर्क कर दिया है, क्योंकि आने वाले समय में भी वैश्विक और घरेलू परिस्थितियों का असर बाजार की चाल पर पड़ता रहेगा।

SIP
टाइमिंग पर भारी पड़ती है निरंतरता
promotion image

लेखकों के बारे में

Upstox
Upstox Hindi News Desk पत्रकारों की एक टीम है जो शेयर बाजारों, अर्थव्यवस्था, वस्तुओं, नवीनतम व्यावसायिक रुझानों और व्यक्तिगत वित्त को उत्साहपूर्वक कवर करती है।

अगला लेख