मार्केट न्यूज़

11 min read | अपडेटेड January 20, 2026, 07:58 IST
सारांश
शेयर बाजार के लिए सोमवार का दिन बेहद खास रहा। दिग्गज सरकारी बैंक PNB और रेलवे की कंपनी IRFC के साथ-साथ आईटी सेक्टर की एलटीआई माइंडट्री ने भी अपने रिपोर्ट कार्ड पेश किए। निवेशकों की नजर इन कंपनियों के मुनाफे और भविष्य के अनुमानों पर टिकी रही।

आज शेयर बाजार में कई बड़ी कंपनियों के तिमाही नतीजों पर निवेशकों की नजर रहेगी।
Oberoi Realty ने दिसंबर तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना 0.7 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ 622.6 करोड़ रुपये रहा। इसका रेवेन्यू 5.8 फीसदी बढ़कर 1,492.6 करोड़ रुपये हो गया। इसका EBITDA भी पिछले साल के ₹856 करोड़ के मुकाबले ₹856 करोड़ पर फ्लैट रहा।
Havells India ने दिसंबर तिमाही के नतीजे घोषित कर दिए हैं। कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना 6.4 फीसदी बढ़कर 301 करोड़ रुपये हो गया। इसका रेवेन्यू भी सालाना 14.2 फीसदी बढ़कर 5,573 करोड़ रुपये हो गया।
LTIMindtree ने दिसंबर तिमाही के नतीजे घोषित कर दिए हैं। कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 10.58 फीसदी बढ़कर 970.6 करोड़ रुपये हो गया। इसके अलावा रेवेन्यू भी सालाना 11.59 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 10,781 करोड़ रुपये हो गया।
हिंदुस्तान जिंक ने तीसरी तिमाही के अपने शानदार नतीजों से निवेशकों को गदगद कर दिया है। कंपनी का शुद्ध मुनाफा तिमाही आधार पर 47.8 प्रतिशत की भारी बढ़त के साथ 3,916 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है, जो पिछली तिमाही में 2,649 करोड़ रुपये था। कंपनी की आय में भी 28.4 प्रतिशत का जबरदस्त उछाल आया है और यह 8,549 करोड़ रुपये से बढ़कर 10,980 करोड़ रुपये हो गई है। कामकाज के लेवल पर कंपनी का प्रदर्शन काफी मजबूत रहा है, जिसका अंदाजा 36.2 प्रतिशत की बढ़त के साथ 6,054 करोड़ रुपये रहे एबिटा (EBITDA) से लगाया जा सकता है। इसके साथ ही कंपनी के मार्जिन में भी सुधार हुआ है और यह पिछली तिमाही के 52 प्रतिशत के मुकाबले बढ़कर 55.1 प्रतिशत पर पहुंच गया है।
अटलांटा इलेक्ट्रिकल्स ने अपनी तीसरी तिमाही के नतीजों में बेहद शानदार प्रदर्शन किया है, जिसमें कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर लगभग दोगुना होकर 43.3 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है, जो पिछले साल इसी तिमाही में 22.3 करोड़ रुपये था। कंपनी की आय में भी 79.7 प्रतिशत की जोरदार बढ़त देखी गई है और यह 263 करोड़ रुपये से बढ़कर 472 करोड़ रुपये हो गई है। कामकाज के मोर्चे पर कंपनी की कार्यक्षमता काफी बेहतर हुई है, जिसका अंदाजा इसके एबिटा (EBITDA) से लगाया जा सकता है जो 41.6 करोड़ रुपये से बढ़कर 91.3 करोड़ रुपये रहा है। साथ ही, कंपनी का एबिटा मार्जिन भी पिछले साल के 15.8 प्रतिशत के मुकाबले सुधरकर 19.3 प्रतिशत पर पहुंच गया है, जो कंपनी के मजबूत ऑपरेशंस और बढ़ती मांग का संकेत दे रहा है।
इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉरपोरेशन यानी आईआरएफसी ने वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं, जिसमें कंपनी के शुद्ध मुनाफे में सालाना आधार पर 10.5 प्रतिशत की बढ़त देखी गई है और यह पिछले साल के 1,631 करोड़ रुपये के मुकाबले बढ़कर 1,802 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। हालांकि, कंपनी की कुल आय में मामूली गिरावट आई है और यह सालाना आधार पर 0.7 प्रतिशत कम होकर 6,719 करोड़ रुपये रही है। मुनाफे के साथ-साथ एक और बड़ा फैसला लेते हुए कंपनी के बोर्ड ने अपनी वर्किंग कैपिटल पॉलिसी यानी कामकाज के लिए जरूरी पूंजी से जुड़ी नीति में भी बदलाव को मंजूरी दे दी है।
पंजाब नेशनल बैंक ने अपनी तीसरी तिमाही के नतीजों में मुनाफे में शानदार बढ़त दर्ज की है, जो सालाना आधार पर 13.1 प्रतिशत उछलकर 5,100 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है, जबकि पिछले साल इसी दौरान यह 4,508 करोड़ रुपये था। हालांकि, बैंक की ब्याज से होने वाली शुद्ध आय यानी NII में 4.5 प्रतिशत की गिरावट देखी गई है और यह 10,533 करोड़ रुपये से घटकर 10,533 करोड़ रुपये रह गई है। बैंक के लिए सबसे राहत की खबर उसकी एसेट क्वालिटी को लेकर आई है, जहां ग्रॉस एनपीए पिछली तिमाही के 3.45 प्रतिशत से कम होकर 3.19 प्रतिशत पर आ गया है और नेट एनपीए भी घटकर 0.32 प्रतिशत रह गया है।
म्यूजिक इंडस्ट्री की दिग्गज कंपनी टिप्स म्यूजिक (TIPS Music) ने अपनी तीसरी तिमाही के नतीजों में शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजार को खुश कर दिया है। कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 32.6% की बढ़त के साथ 58.7 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 44.2 करोड़ रुपये था। कंपनी की आय में भी 21.4% का अच्छा इजाफा देखने को मिला है और यह 77.7 करोड़ रुपये से बढ़कर 94.3 करोड़ रुपये पर पहुंच गई है। सबसे ज्यादा चौंकाने वाला आंकड़ा कंपनी के एबिटा (EBITDA) मार्जिन का रहा, जो पिछले साल के 71.5% से बढ़कर अब 79% के बेहद मजबूत स्तर पर आ गया है, जबकि एबिटा खुद 34.1% की मजबूती के साथ 74.5 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है। साथ में 5 रुपये प्रति शेयर डिविडेंड का भी ऐलान किया है।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी की कीमतों के पहली बार 3 लाख रुपये प्रति किलो के ऐतिहासिक स्तर को पार करने के बाद सोमवार को Hindustan Zinc के शेयरों में 3.84% तक की बड़ी तेजी देखी गई, जिससे शेयर ₹662.25 के इंट्राडे हाई पर पहुंच गया। वैश्विक व्यापारिक तनाव और अमेरिका द्वारा टैरिफ बढ़ाने की धमकियों के चलते सुरक्षित निवेश के रूप में चांदी की मांग बढ़ी है, जिसका सीधा फायदा दुनिया के बड़े चांदी उत्पादकों में शुमार इस कंपनी को मिल रहा है।
डेयरी सेक्टर की प्रमुख कंपनी Hatsun Agro ने इस तिमाही में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने शुद्ध मुनाफे में सालाना आधार पर 48% की तगड़ी ग्रोथ दर्ज की है, जो पिछले साल के 41 करोड़ रुपये से बढ़कर 60.6 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। कंपनी की आय में भी 17.6% की मजबूती देखी गई है और यह 2,010 करोड़ रुपये से बढ़कर 2,364 करोड़ रुपये हो गई है। कामकाज के मोर्चे पर एबिटा (EBITDA) भी 19.2% की बढ़त के साथ 256 करोड़ रुपये रहा और एबिटा मार्जिन में भी सुधार होकर यह 10.8% पर पहुंच गया है। हालांकि, इन मजबूत नतीजों के बावजूद बाजार में शुरुआती गिरावट के बाद कंपनी का शेयर 0.4% की मामूली कमजोरी के साथ 902.3 रुपये के करीब कारोबार कर रहा है, जो दिन के निचले स्तरों से थोड़ा रिकवर हुआ है।
आईटी सेक्टर की कंपनी विप्रो के शेयरों में सोमवार सुबह 7% से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली है, क्योंकि तीसरी तिमाही के नतीजों और भविष्य के गाइडेंस ने निवेशकों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। विप्रो का प्रदर्शन इस बार टीसीएस और इंफोसिस जैसी प्रतिद्वंद्वी कंपनियों के मुकाबले कमजोर रहा है। कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 7% गिरकर 3,119 करोड़ रुपये रह गया है, जिसका मुख्य कारण नए लेबर कोड की वजह से लेबर कॉस्ट के लिए किया गया अतिरिक्त प्रावधान (प्रोविजनिंग) माना जा रहा है। हालांकि, अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में कंपनी की आय पिछले साल के 22,319 करोड़ रुपये के मुकाबले 5.5% बढ़कर 23,556 करोड़ रुपये रही है, लेकिन कमजोर बॉटम-लाइन और भविष्य के धुंधले अनुमानों की वजह से बाजार में बिकवाली का दबाव साफ नजर आ रहा है।
सरकारी क्षेत्र की कंपनी बीएचईएल यानी भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड ने अपने तीसरी तिमाही के नतीजों से बाजार को हैरान कर दिया है। कंपनी के मुनाफे में सालाना आधार पर करीब 190 प्रतिशत की भारी बढ़त देखी गई है, जो पिछले साल के 134.70 करोड़ रुपये से बढ़कर इस बार 390.40 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। मुनाफे के साथ-साथ कंपनी के कामकाज से होने वाली आय में भी अच्छी ग्रोथ दर्ज की गई है और यह 16.44 प्रतिशत की मजबूती के साथ 8,473.10 करोड़ रुपये रही, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह आंकड़ा 7,277.09 करोड़ रुपये था।
JSW Infra ने आने वाले सालों के लिए काफी महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किए हैं और कंपनी का इरादा वित्त वर्ष 2025 से 2030 के बीच करीब 9,000 करोड़ रुपये का बड़ा निवेश करने का है। अगर कंपनी की कमाई पर नजर डालें तो वित्त वर्ष 2026 में रेवेन्यू 5,400 करोड़ रुपये रहने की उम्मीद है, जो 2027 में 7,020 करोड़ और 2028 तक बढ़कर 11,650 करोड़ रुपये तक जा सकता है। मुनाफे यानी एबिटा के मामले में भी कंपनी बड़ी छलांग लगाने की तैयारी में है, जिसके 2026 के 2,600 करोड़ रुपये से बढ़कर 2028 में 5,000 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। इसके साथ ही कंपनी अपनी माल ढोने की क्षमता को भी तेजी से बढ़ा रही है, जिसे वित्त वर्ष 2026 के 177 MTPA से बढ़ाकर 2028 तक 299 MTPA करने का लक्ष्य रखा गया है।
RBL Bank के शेयरों में सोमवार को 7.5% से ज्यादा की बड़ी गिरावट दर्ज की गई, क्योंकि बैंक के तिमाही नतीजे बाजार की उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं। बैंक का शुद्ध मुनाफा 214 करोड़ रुपये रहा, जो विश्लेषकों के 260 करोड़ रुपये के अनुमान से काफी कम है। इस गिरावट की एक बड़ी वजह क्रेडिट कार्ड बिजनेस में बढ़ते राइट-ऑफ्स और इसके चलते क्रेडिट कॉस्ट में आई भारी उछाल को माना जा रहा है। इसके साथ ही, नए लेबर कोड की वजह से बैंक को 32 करोड़ रुपये का एकमुश्त अतिरिक्त बोझ भी उठाना पड़ा है। हालांकि बैंक की ब्याज से होने वाली शुद्ध आय में पिछले साल के मुकाबले 5% की बढ़त देखी गई है, लेकिन ऊंचे प्रोविजनिंग खर्च और क्रेडिट कार्ड सेगमेंट में आने वाले समय में भी चुनौतियों की आशंका ने निवेशकों का भरोसा कमजोर कर दिया है।
नतीजों के इस सिलसिले की शुरुआत शनिवार को देश के सबसे बड़े निजी बैंक, एचडीएफसी बैंक के साथ हुई। बैंक ने बाजार की उम्मीदों के मुताबिक शानदार आंकड़े पेश किए हैं। बैंक का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 11.5 प्रतिशत बढ़कर 18,650 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। बैंक की शुद्ध ब्याज आय (NII) में भी 6.4 प्रतिशत का उछाल आया है और यह 32,620 करोड़ रुपये रही है। बैंक के कोर एसेट्स पर शुद्ध ब्याज मार्जिन 3.35 प्रतिशत दर्ज किया गया है।
आज यानी 19 जनवरी को नतीजे पेश करने वाली कंपनियों की सूची काफी लंबी और प्रभावशाली है। सरकारी क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक (PNB) पर सबकी नजर रहेगी कि बैंक ने अपनी एनपीए रिकवरी और मुनाफे में कितनी बढ़त बनाई है। इसके अलावा रेलवे को फंड देने वाली कंपनी आईआरएफसी (IRFC) और इंजीनियरिंग क्षेत्र की दिग्गज भेल (BHEL) भी आज ही अपने नतीजे जारी करेंगी। आईटी सेक्टर से एलटीआई माइंडट्री (LTIMindtree) के आंकड़े यह बताएंगे कि सॉफ्टवेयर और डिजिटल सेवाओं की मांग का स्तर क्या है। मेटल सेक्टर से हिंदुस्तान जिंक और इलेक्ट्रिक उपकरणों के बाजार से हैवेल्स इंडिया जैसी बड़ी कंपनियां भी आज अपने प्रदर्शन की जानकारी देंगी।
सिर्फ बड़ी कंपनियां ही नहीं, बल्कि कई मध्यम और छोटी कंपनियां भी आज अपने नतीजे पेश करने वाली हैं। इनमें टायर बनाने वाली कंपनी सिएट (Ceat), रियल एस्टेट की दिग्गज ओबेरॉय रियल्टी और डेयरी क्षेत्र की हट्सन एग्रो प्रोडक्ट्स शामिल हैं। इनके अलावा संगीत की दुनिया से टिप्स म्यूजिक और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर की अटांला इलेक्ट्रिकल्स के नतीजे भी आने हैं। इतने सारे अलग-अलग सेक्टरों के नतीजे आने से बाजार में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। निवेशकों के लिए आज का दिन पोर्टफोलियो में बदलाव करने और नई रणनीतियां बनाने के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण साबित होगा।
संबंधित समाचार
इसको साइनअप करने का मतलब है कि आप Upstox की नियम और शर्तें मान रहे हैं।
लेखकों के बारे में

अगला लेख
इसको साइनअप करने का मतलब है कि आप Upstox की नियम और शर्तें मान रहे हैं।