बिजनेस न्यूज़
2 min read | अपडेटेड October 26, 2024, 13:21 IST
सारांश
साल 2024 में दिवाली किस दिन मनाई जाएगी? 31 अक्टूबर या 1 नवंबर, इसे लेकर कन्फ्यूजन चल रहा है। इस बार दो दिन अमावस्या होने के चलते यह कन्फ्यूजन पैदा हुआ है। यहां आपको बताते हैं कि किस दिन होगा लक्ष्मी पूजन, धनतेरस से लेकर भाई दूज तक कब मनाया जाएगा और दिवाली वाले दिन स्टॉक मार्केट पर क्या होगा खास।
किस दिन मनाई जाएगी दिवाली 2024
दीयों और रोशनी का त्योहार दिवाली यूं तो कार्तिक महीने की अमावस्या को मनाया जाता है। हालांकि, इस बार अमावस्या दो दिन होने की वजह से काफी कन्फ्यूजन चल रही है। 31 अक्टूबर या 1 नवंबर, किस दिन की जाएगी लक्ष्मी पूजा आइए आपको बताते हैं।
इस साल अमावस्या की तिथि दो दिन के बीच में रहेगी। 31 अक्टूबर को दोपहर 3:53 से शुरू होकर 1 नवंबर को शाम 6:17 तक अमावस्या रहेगी। क्योंकि दिवाली की पूजा सूर्यास्त के बाद चांद दिखने के साथ की जाती है, इसलिए 31 को ही शाम 5:36 से 6:16 के बीच लक्ष्मी पूजन किया जाएगा।
कई दिन तक चलने वाला यह त्योहार ज्यादातर जगहों पर धनतेरस के साथ शुरू हो जाएगा। 29 अक्टूबर को धनतेरस के बाद 31 अक्टूबर को ही छोटी दिवाली, नरक चतुर्दशी और लक्ष्मी पूजन होगा। इसके बाद 2 नवंबर को गोवर्धन पूजा और फिर 3 नवंबर को भाई दूज मनाया जाएगा।
मान्यता है कि इस दिन भगवान श्रीराम वनवास के बाद अयोध्या लौटे थे। वह अपने से सीता माता को भी लंका से लेकर आए थे। सत्य की असत्य और अच्छाई की बुराई पर जीत को मनाने के लिए दिवाली का त्योहार दीये जलाकर मनाया जाता है।
इस दिन BSE और NSE पर एक घंटे का स्पेशल मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन भी किया जाएगा। लक्ष्मी पूजन के साथ इसकी शुरुआत होती है और ज्यादार ट्रेडर्स इस दिन शेयर्स की खरीद- फरोख्त जरूर करते हैं। कई लोग पहली बार शेयर्स खरीदते हैं ताकि धन- संपनन्नता को आकर्षित कर सकें।
आमतौर पर दिवाली वाले दिन शाम को एक घंटे का सेशन होता है जिसे छोटे- छोटे स्लॉट्स में बांट दिया जाता है। इन स्लॉट्स में स्टॉक, डेरिवेटिव, कमॉडिटी वगैरह की खरीद- फरोख्त तय होती है। इन स्लॉट्स के अंदर ही शेयर्स को खरीदना, बेचना और पोर्टफोलियो बैलेंसिंग होती है। ट्रेडिंग से जुड़े बाकी नियम सामान्य ही रहते हैं।
दरअसल हिंदू कैलेंडर के मुताबिक दिवाली के अगले दिन से नए साल की शुरआत होती है। इस साल 2 नवंबर को विक्रम संवत् 2081 शुरू होगा। ट्रेडर्स का मानना होता है कि इस दिन खरीददारी से उन्हें मुनाफा होगा और अमूमन देखा गया है कि लोगों की भावनाओं और त्योहार के साथ जुड़े होने के कारण इस दिन मार्केट ऊपर की ओर बढ़ता है।
लेखकों के बारे में
अगला लेख